आसनसोल/कुल्टी: बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे बड़ी संख्या में सिक्कों को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने बरामद किया है। मंगलवार तड़के कुल्टी थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा के पास NH-19 पर एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान बस से तीन बोरियों में रखे सिक्के बरामद हुए।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बरामद सिक्कों की कुल कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। तलाशी के दौरान बोरियों में 1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के पाए गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के जरिए बिहार से पश्चिम बंगाल की ओर बड़ी मात्रा में सिक्के ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने NH-19 पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस के खलासी और यात्रियों की मौजूदगी में तीन बोरियां बरामद हुईं। पूछताछ में बस में मौजूद किसी यात्री या कर्मचारी ने इन सिक्कों पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद पुलिस ने सिक्कों को जब्त कर लिया।
फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी या हिरासत की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्के कहां से आए और इन्हें किस जगह ले जाया जा रहा था।
डिटेक्टिव डिपार्टमेंट सिक्कों के स्रोत, गंतव्य, बस के रूट और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामदगी का संबंध किसी अवैध लेन-देन या अन्य वित्तीय गतिविधि से तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।
















