रांची: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने की।
इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों को मानसिक संकट से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील रहने और जरूरत पड़ने पर उनकी सहायता के लिए तत्पर रहने की शपथ दिलाई गई।
अभियान का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना, आत्महत्या के चेतावनी संकेतों को समझना और संकट की स्थिति में समय पर मदद लेने के लिए लोगों को जागरूक करना है।
जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में 10 से 16 सितंबर 2026 तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों और युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग और समय पर सहायता लेने के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
















