धनबाद : गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और खुर्दा रोड के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से दिल्ली, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 04066 आनंद विहार–खुर्दा रोड स्पेशल ट्रेन का परिचालन 18 मई, 1 जून और 8 जून 2026 को किया जाएगा। यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से रात 12:30 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 10:15 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन सुबह 11:30 बजे खुर्दा रोड पहुंचेगी।
वहीं वापसी दिशा में 04065 खुर्दा रोड–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 19 मई, 2 जून और 9 जून 2026 को चलेगी। यह ट्रेन खुर्दा रोड से दोपहर 3:30 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 3:50 बजे गोमो स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव उत्तर प्रदेश के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बिहार के गया तथा झारखंड के गोमो स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर दिया गया है, जिससे विभिन्न राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे ने यात्रियों से समय से पहले टिकट बुक कराने और यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की है।















