धनबाद: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सावलपुर स्थित वृद्धाश्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
DLSA के सचिव मयंक तुसार टोपनो ने वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध कानूनी सहायता, भरण-पोषण के अधिकार और किसी भी तरह के शोषण या उपेक्षा की स्थिति में मिलने वाले कानूनी संरक्षण के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर दी जानकारी
शिविर में बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन की रक्षा के लिए कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। साथ ही उन्हें किसी समस्या की स्थिति में उपलब्ध सहायता और संबंधित कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
DLSA सचिव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अधिकारों की रक्षा करने के साथ उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
















