धनबाद : बीसीसीएल की सीएसआर पहल और आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के सहयोग से गुरुवार को पेनमैन ऑडिटोरियम में “अंडरप्रिविलेज्ड और प्रोजेक्ट अफेक्टेड पर्सन (PAP) छात्रों के लिए STEM शिक्षा” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद एवं परियोजना प्रभावित छात्रों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मनोज कुमार अग्रवाल, प्रो. सुकुमार मिश्रा, अभिषेक झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक और तकनीकी शिक्षा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक साबित होते हैं।
कार्यशाला में 500 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इस दौरान छात्रों को आईआईटी (आईएसएम) के टेक्समिन इनोवेशन हब, रोबोटिक्स लैब, जियोलॉजिकल म्यूजियम, सेंट्रल लाइब्रेरी और अन्य शोध केंद्रों का भ्रमण कराया गया। इससे छात्रों को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और भविष्य की करियर संभावनाओं की जानकारी मिली।
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है, ताकि वे भविष्य में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला छात्रों को मुख्यधारा की तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे उन्हें नई तकनीकों को समझने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
















