धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शनिवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के मास कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए और जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने में जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है और इसमें मीडिया एवं जनसंचार से जुड़े युवाओं की भी अहम जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आदित्य रंजन ने विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यों की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और जमीनी अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धनबाद जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं और प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उपायुक्त से प्रशासनिक सेवा, जनसंपर्क और करियर से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर संवाद कौशल, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
अंत में उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षुओं को विभागीय डायरी भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बीबीएमकेयू के मास कम्युनिकेशन विभाग के कई विद्यार्थी एवं अधिकारी मौजूद रहे।














