धनबाद के रणधीर वर्मा चौक स्थित कृषि बाजार के दुकानदारों के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों को एक महीने के भीतर भुगतान करने या दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बताया गया कि बाजार समिति द्वारा वर्ष 2006 में 25 दुकान और 63 शेड बनाए गए थे, जिनका मासिक किराया अभी मात्र 800 रुपये है।
इसके बावजूद कई दुकानदार वर्षों से किराया नहीं दे रहे हैं, जिससे विभाग को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। कुछ मामलों में दुकानों को सब-लीज पर देने की भी जानकारी सामने आई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाएदारों से एक महीने के भीतर किराया वसूला जाएगा, अन्यथा उन्हें दुकान खाली करनी होगी। साथ ही किराए की राशि को भी संशोधित (रिवाइज) करने का निर्णय लिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, ताकि सरकारी संपत्तियों का सही उपयोग और राजस्व की भरपाई सुनिश्चित की जा सके।
















