बोकारो: बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 में 6 नवंबर की रात दंपती पर हुए चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कैंप-2 में सुधा डेयरी और चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर 6 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे हमला किया गया था। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस मामले में बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 240/26 के तहत 7 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सेक्टर-1सी विकास नगर निवासी करीब 19 वर्षीय बादल कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक महिला से बातचीत करने की कोशिश के दौरान अनसुना किए जाने पर वह नाराज हो गया था। इसी गुस्से में उसने दंपती पर हमला किया। पुलिस ने घटनास्थल के पास स्थित कूड़ेदान से उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया है।
इस कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















