बोकारो: सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ के पास रविवार सुबह अचानक आग लगने से सात दुकानें जलकर राख हो गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग तेजी से फैलते हुए एक गैस रिफिलिंग की दुकान तक पहुंच गई, जिससे स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायरकर्मियों ने समय रहते करीब आठ गैस सिलेंडर दुकानों से बाहर निकाल लिए। सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बोकारो फायर स्टेशन प्रभारी भगवान ओझा के अनुसार, कार्रवाई से बचने के लिए संबंधित दुकानदार कथित तौर पर मौका देखकर सिलेंडर लेकर वहां से चला गया। उन्होंने पुलिस से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
आग पर काबू पाने के लिए झारखंड सरकार के दो दमकल वाहनों और बीएसएल के एक दमकल वाहन को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया और आसपास की अन्य दुकानों को इसकी चपेट में आने से बचाया।
घटना में सात दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
















