बोकारो: सेक्टर-9 स्थित आलोक मैदान, गायत्री मंदिर परिसर में श्री श्री मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति की ओर से 13 सितंबर को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही इस वर्ष के दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
समिति अध्यक्ष दीपू मोदी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पूजा को इस बार और भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। पूजन के दौरान मंत्रोच्चार के साथ क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम में समिति के महासचिव सुनील कुमार रजक, उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी, महिला अध्यक्ष रूबी सिंह, महिला सचिव मालती देवी समेत समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भूमि पूजन के बाद समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारियों को लेकर आगे की रूपरेखा पर भी चर्चा की। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
















