धनबाद: BCCL के बरोरा एरिया की AMP कोलियरी स्थित मुराईडीह नॉर्थ खास ओबी डंप के समीप अवैध कोयला उत्खनन के लिए दोबारा खोली गई तीन सुरंगनुमा मुहानों को मंगलवार को संयुक्त टीम ने बंद करा दिया।
बीसीसीएल प्रबंधन, बरोरा पुलिस और CISF की टीम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और तीनों मुहानों को बंद कराया। प्रबंधन के अनुसार, इन मुहानों को पहले भी अवैध खनन की आशंका को देखते हुए बंद कराया गया था, लेकिन अज्ञात लोगों ने उन्हें दोबारा खोल दिया।
दोबारा खोलने वालों की पहचान की कोशिश
बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि मुहानों को दोबारा खोलने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। आसपास की गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने की चुनौती
तीनों मुहानों को बंद कराने के बाद फिलहाल वहां से अवैध उत्खनन की संभावना पर रोक लगाई गई है। हालांकि, अब प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के सामने इन बंद किए गए मुहानों को दोबारा खुलने से रोकने की चुनौती है। क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और चोरी से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।
















