धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के साधोबाद जंगल में शनिवार सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित नकली शराब निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, साधोबाद गांव के पास एक ईंट भट्ठे के पीछे झाड़ियों के बीच कथित तौर पर नकली शराब तैयार करने और पैक करने का काम चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश और पानी से बचाव के लिए वहां एक बड़ा पंडाल लगाया गया था, जिसके नीचे शराब की बोतलें और पैकिंग का सामान रखा गया था।
स्प्रिट, रैपर और खाली बोतलें बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच बड़े गैलेन में रखा स्प्रिट, विभिन्न ब्रांडों के नाम वाले रैपर, नकली शराब की बोतलें, खाली बोतलें, ढक्कन और पैकिंग से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा ड्रम, गैलेन, रेंच, पिलास और पाइप समेत कई सामान भी जब्त किए गए।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस कथित अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल थे और शराब की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी। मौके से फरार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान ग्रामीणों की भीड़
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा वहां रखी शराब की बोतलें उठा ले जाने की बात भी सामने आई है। पूरे मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।
नोट: नकली शराब के कारोबार और गिरोह से जुड़े आरोप प्रारंभिक पुलिस/स्थानीय जानकारी पर आधारित हैं। मामले की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
















