चंदनकियारी/बोकारो: तकनीकी कौशल और कार्यस्थल पर सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ESL Steel Limited ने एक नए तकनीकी कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र के जरिए कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन ESL Steel के CEO एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा और CII झारखंड के निदेशक एवं स्टेट हेड प्रभात कुमार की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
वर्किंग मॉडल से मिलेगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
नवनिर्मित केंद्र को इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यहां विभिन्न तकनीकी डिस्प्ले और वर्किंग मॉडल के माध्यम से औद्योगिक उपकरणों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
केंद्र में टूल्स एवं फास्टनर्स, इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स, इंडस्ट्रियल वाल्व, लिफ्टिंग टूल्स, वेल्डिंग एवं गैस कटिंग, न्यूमैटिक और हाइड्रोलिक सिस्टम सहित सुरक्षा से जुड़े मॉडल लगाए गए हैं।
इस पहल के जरिए प्रशिक्षुओं को उपकरणों के इस्तेमाल, औद्योगिक प्रक्रियाओं और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
रवीश शर्मा ने कहा कि तकनीकी दक्षता निरंतर सीखने और व्यावहारिक अनुभव से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को उपकरणों व प्रक्रियाओं को करीब से समझने तथा अपने कौशल को निखारने में मदद करेगा।
















