चंदनकियारी: चंदनकियारी क्षेत्र में पांच दिनों से लापता 43 वर्षीय कंकु गोप का शव गोपीनाथपुर खालिसा नदी के किनारे सड़ी-गली अवस्था में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, चास प्रखंड के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया निवासी कंकु गोप 12 सितंबर को उरांवडीह स्थित अपने ससुराल पहुंचे थे। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उनके पुत्र सुबोध गोप ने बरमसिया ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
गुरुवार को गोपीनाथपुर खालिसा नदी के किनारे एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान कंकु गोप के रूप में की।
CID और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ CID की डॉग स्क्वायड टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके की जांच कर संभावित साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकु गोप की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हत्या, दुर्घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
















