चतरा। झारखंड के चतरा जिले में अशोक एक्सपेंशन ओपनकास्ट कोल माइनिंग परियोजना के विस्तार के प्रस्ताव को वन सलाहकार समिति (FAC) से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए 928.03 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग परिवर्तन का प्रस्ताव है। इसके तहत करीब 5.67 लाख पेड़ों की कटाई की आशंका है, जिनमें लगभग 2.43 लाख साल के पेड़ शामिल हैं।
यह परियोजना नॉर्थ करनपुरा कोलफील्ड में स्थित है। विस्तार के बाद खदान का दायरा पश्चिम दिशा में बढ़ाया जाएगा। परियोजना की प्रस्तावित अधिकतम उत्पादन क्षमता सालाना 20 मिलियन टन कोयला है।
परियोजना को लेकर वन्यजीवों और हाथियों के प्राकृतिक आवास पर असर पड़ने की चिंता भी जताई गई है। क्षेत्र में हाथियों के अलावा लकड़बग्घे, सियार, बंगाल लोमड़ी और रॉक पाइथन की मौजूदगी की जानकारी दी गई है। इससे मानव-हाथी संघर्ष बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
FAC ने खनन शुरू होने से पहले विशेष वन्यजीव प्रबंधन योजना तैयार करने का निर्देश दिया है। इस योजना को झारखंड के मुख्य वन्यजीव वार्डन से मंजूरी लेनी होगी। इसमें स्थानीय ग्रामीणों के सुझाव, भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) की दीर्घकालिक निगरानी और शोध को भी शामिल करना होगा। योजना का खर्च परियोजना प्रस्तावक को उठाना होगा।
















