देवघर : Shravani Mela 2026 के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को Baba Baidyanath Temple परिसर में श्रद्धालुओं के सुचारू जलार्पण, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता Praveen Pushkar ने की। इस दौरान जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, मेला कोषांग प्रभारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र में 21 अस्थायी मेला ओपी और 13 अस्थायी यातायात ओपी अधिसूचित करने का प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति, वाहनों का आवंटन, आवासन व्यवस्था, पेयजल, बिजली, शौचालय और मेस जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन की ओर से मेले के सफल संचालन के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन भी किया गया है। इनमें आगंतुक कोषांग, कंप्यूटर कोषांग, खाद्य एवं रसद कोषांग, बल प्रतिनियुक्ति कोषांग, सुरक्षा उपकरण कोषांग, वाहन कोषांग, यातायात कोषांग, आकस्मिक कोषांग एवं अवकाश कोषांग शामिल हैं।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और श्रावणी मेला-2026 शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
















