धनबाद: श्रावण मास की प्रथम सोमवारी पर राजेंद्र सरोवर (बेकारबांध) में आयोजित भव्य शिव गंगा महाआरती में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तेज बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की आराधना में शामिल हुए और पूरे वातावरण को “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की दिव्य आभा और भक्ति संगीत के बीच संपन्न महाआरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी इस भव्य आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि महादेव की आराधना, मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण ने मन को अपार शांति और ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने तेज बारिश के बावजूद उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बताया।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के सफल आयोजन की कामना की।
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ संपन्न यह महाआरती धनबाद की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक यादगार आयोजन बन गई।
















