धनबाद: 5वीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद धनबाद के 12 खिलाड़ियों का चयन 10वीं राष्ट्रीय पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। केरल के कोच्चि में 2 से 4 अक्टूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1000 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
रांची के खेलगांव में 19 और 20 सितंबर को आयोजित स्टेट चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक अपने नाम किए। इनमें छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल रहे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में गौरव कुमार, दीपक कुमार, प्रिंस विश्वकर्मा, जिगर विश्वकर्मा, सत्यम कुमार, रबिउल खान, अंश कुमार, सूर्यांश कुमार, सत्यम विश्वकर्मा, विनय गुप्ता, मयंक राज और सोनू कुमार शामिल हैं।
अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों ने जीते पदक
अंडर-12 वर्ग में अंश कुमार ने सिंगल्स में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि अरुष कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 वर्ग में रबिउल खान ने सिंगल्स में स्वर्ण, अंश कुमार और मयंक राज की जोड़ी ने डबल्स में रजत तथा सत्यम कुमार ने सिंगल्स में कांस्य पदक जीता।
अंडर-16 वर्ग में सूर्यांश कुमार ने सिंगल्स में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं सूर्यांश कुमार और विनय गुप्ता की जोड़ी ने डबल्स में रजत पदक जीता।
अंडर-19 वर्ग में जिगर विश्वकर्मा ने सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीता। जिगर विश्वकर्मा और आदित्य प्रजापति की जोड़ी ने भी डबल्स में स्वर्ण हासिल किया। इसी वर्ग में सत्यम विश्वकर्मा और एमडी कासिद नबी की जोड़ी तथा आदित्य प्रजापति ने रजत पदक अपने नाम किया।
35 प्लस वर्ग में गौरव कुमार ने मेन्स सिंगल्स और मेन्स डबल्स दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
एसोसिएशन ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. सुधीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी और धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव गौरव कुमार ने कहा कि धनबाद के 12 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी कोच्चि में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
















