धनबाद: सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। झारखंड इंडस्ट्री एंड ट्रेड एसोसिएशन (JITA) द्वारा आयोजित पांचवीं महाशिव आरती में भारी बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ की आराधना में भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत भजन संध्या से हुई, जहां स्थानीय कलाकारों ने शिव भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद शिव-पार्वती विवाह और शिव तांडव की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देहरादून से आए डमरू दल ने डमरू और शंखनाद की गूंज से पूरे परिसर में शिवभक्ति का वातावरण बना दिया।
आयोजन का मुख्य आकर्षण वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर आयोजित भव्य महाशिव आरती रही। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की अलौकिक आभा के बीच संपन्न आरती में श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, मेयर संजीव सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह सहित जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने भविष्य में इस महाशिव आरती को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई, ताकि यह आयोजन धनबाद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सके।
















