धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने गुरुवार को बरमसिया स्थित छठ तालाब और दुहाटांड़–बरमसिया मार्ग का निरीक्षण कर क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब में गिर रहे गंदे नाले के पानी और जर्जर सड़क की स्थिति पर चिंता जताई।
निरीक्षण में पाया गया कि नालियों का गंदा पानी सीधे छठ तालाब में पहुंच रहा है, जिससे जल प्रदूषित हो रहा है। वहीं तालाब का बांध क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास की सड़क भी जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक राज सिन्हा ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराया और सड़क व छठ तालाब की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने विधायक को आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर समस्या के समाधान की दिशा में काम प्रारंभ किया जाएगा।
राज सिन्हा ने कहा कि छठ तालाब लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसका प्रदूषित होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। जनहित से जुड़े ऐसे मामलों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा नेता भागीरथ दास, चंदू शर्मा, शंकर सिंह, राजकुमार, सुजीत कुमार, विनोद राम, सुजीत रवानी सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















