धनबाद: रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा संचालित जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में मंगलवार को इनर व्हील क्लब ऑफ धनबाद की ओर से मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आम थीम पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।
मैंगो फेस्टिवल के दौरान बच्चों ने आकर्षक आम-थीम वेशभूषा धारण कर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके अलावा बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं और खेलों के विजेताओं को इनर व्हील क्लब की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ धनबाद की उपाध्यक्ष पोलोमी सिंहा ने कहा कि आम के मौसम को खास बनाने और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से इस मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और आम से बने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए।
फलों के राजा आम का स्वाद चखते हुए बच्चों ने पूरे कार्यक्रम में खूब आनंद और उत्साह का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान बच्चों के बीच गिफ्ट हैम्पर्स एवं फूड पैकेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ धनबाद की सदस्य अश्विनी लाला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। वहीं जीवन ज्योति विशेष विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और विद्यालय परिवार के सभी सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मैंगो फेस्टिवल ने न केवल बच्चों को मनोरंजन और आनंद का अवसर दिया, बल्कि उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, रंग-बिरंगी वेशभूषा और बच्चों की खुशियों से सराबोर रहा।
















