मैथन: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) द्वारा संचालित डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक), मैथन में इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में विज्ञान संकाय की पढ़ाई शुरू हो गई है, जिससे मैथन एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी अभिषेक झा तथा आमकुड़ा पंचायत की मुखिया कंचन महतो का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारियों ने फीता काटकर इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय की कक्षाओं का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में जिला शिक्षा अधिकारी अभिषेक झा ने कहा कि डीवीसी द्वारा विज्ञान संकाय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान शिक्षा विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी प्रगति से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस पहल से क्षेत्र के छात्रों को अपने घर के निकट ही उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध होगी और उन्हें बेहतर करियर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि डीवीसी हमेशा से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी रहा है और यह पहल भी उसी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार द्वारा संचालित विद्यालयों में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं इस विद्यालय तक पहुंचाने के लिए वे स्वयं पहल करेंगे।
मुखिया कंचन महतो ने कहा कि विज्ञान संकाय की शुरुआत क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बाहर गए बिना गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार बताते हुए डीवीसी की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर डीवीसी के उप महाप्रबंधक (प्रशासन) सुखमय नायक ने कहा कि मैथन क्षेत्र में इंटरमीडिएट विज्ञान शिक्षा की उपलब्धता सीमित थी। झारखंड सरकार द्वारा कॉलेजों से इंटरमीडिएट पाठ्यक्रम समाप्त किए जाने के बाद छात्रों के समक्ष नई चुनौती उत्पन्न हो गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए डीवीसी प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग के साथ विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर इस संकाय की स्थापना संभव हो सकी।
उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए कई नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इससे विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक एवं बेहतर शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
डीवीसी वर्षों से मैथन क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित करता रहा है। विज्ञान संकाय की स्थापना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को बड़े शहरों पर निर्भर हुए बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में आनंद मोहन प्रसाद, प्रवीर चांद, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. कौशलेंद्र कुमार, रवि कुमार सिन्हा, रामलखन यादव, संजय कुमार संगम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन रवि कुमार सिन्हा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्राचार्य रामलखन यादव ने दिया। डीवीसी प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह नई शैक्षणिक पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।
















