संजीव सिंह ने शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद धनबाद शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जलजमाव, नाली जाम और सड़क बाधा जैसी समस्याओं का जायजा लिया। लगातार बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद मेयर खुद मैदान में उतरकर राहत एवं सफाई कार्यों की निगरानी करते नजर आए।
सबसे पहले बिग बाजार के समीप सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही मेयर मौके पर पहुंचे और नगर निगम कर्मियों की मदद से पेड़ हटवाने का कार्य कराया। कुछ ही देर में सड़क पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
इसके बाद मेयर तपोवन कॉलोनी पहुंचे, जहां भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई, जिससे पानी की निकासी शुरू हो सकी। साथ ही अधिकारियों को ड्रेनेज व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
वहीं विद्यापति नगर स्थित शिवांश एंक्लेव में भी जलजमाव की शिकायत मिलने पर मेयर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाए।
इसके अलावा न्यू बैंक कॉलोनी में नाली अवरुद्ध होने की शिकायत पर भी मेयर ने पहुंचकर सफाई कार्य शुरू करवाया। कचरे से जाम नालियों की सफाई करवाई गई और स्थायी समाधान को लेकर निगम अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि,
“जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के दौरान जहां-जहां से शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल राहत कार्य कराया जा रहा है। साथ ही भविष्य में जलजमाव और नाली जाम जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।”
मेयर की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया और नगर निगम की पहल की सराहना की।
















