धनबाद: एटीएम में कार्ड फंसने का बहाना बनाकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले गिरोह का धनबाद पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में बिहार के नवादा जिले के दो आरोपितों नीतीश कुमार (26) और सौरभ कुमार (24) को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित एटीएम में कार्ड फंसने पर मदद करने का नाटक करते थे और इस दौरान PIN देख लेते थे। इसके बाद गलत हेल्पलाइन नंबर पर फोन कराने के बहाने पीड़ित को उलझाकर कार्ड हासिल कर लेते थे। फिर कार्ड का इस्तेमाल कर नकदी निकालने और दुकानों में खरीदारी करने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम सिटी सेंटर के पास संदिग्धों के पकड़े जाने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में उनका कार्ड फंस गया था। इसी दौरान आरोपितों ने उनका PIN देख लिया और गलत हेल्पलाइन नंबर के बहाने कार्ड गायब कर दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
















