धनबाद: झरिया क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई पर हमला होने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। भाजपा धनबाद जिला अध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेंद्र राय पर शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज धनबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
दुकान से लौटते समय घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार जमेंद्र राय की जामाडोबा चार नंबर में सीमेंट की दुकान है। शुक्रवार रात वह तगादा कर अपनी दुकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने चाकू, भुजाली और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जमेंद्र राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल जमेंद्र राय को तत्काल झरिया स्थित लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
हमले के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर हमले के पीछे पुरानी रंजिश, लेन-देन या किसी अन्य विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















