बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दौड़, कूद और गोला फेंक की हुई परीक्षा
धनबाद : गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली प्रक्रिया के तहत दसवें दिन आज धनबाद प्रखंड के अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया। यह प्रक्रिया बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जा रही है।
प्रशासन की ओर से बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी चरणों की सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया कि चयन केवल अभ्यर्थियों की योग्यता और शारीरिक क्षमता के आधार पर ही होगा।
अभ्यर्थियों ने दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। परीक्षा से पहले सभी उम्मीदवारों के दस्तावेजों की सख्ती से जांच की गई।
गर्मी में भी बेहतर व्यवस्था
परीक्षा के दौरान बढ़ती गर्मी को देखते हुए मैदान में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। साथ ही ट्रैक पर समय-समय पर पानी का छिड़काव किया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज और अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित कई वरीय अधिकारी और चिकित्सा टीम मौके पर उपस्थित रहे।
















