धनबाद: जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पार्टी के धनबाद जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह के नेतृत्व में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) मुख्यालय, सकटोरिया पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने ईसीएल के सीएमडी सतीश झा से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान जदयू नेताओं ने सीएमडी सतीश झा का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच ईसीएल क्षेत्र के विकास, श्रमिकों के कल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जदयू जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने क्षेत्र के समग्र विकास और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान पर सकारात्मक पहल की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, सीएमडी सतीश झा ने भी विकास कार्यों और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में तेज बहादुर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, धनबाद नगर अध्यक्ष धनलाल दूबे, निरसा प्रखंड अध्यक्ष राज कुमार पांडेय तथा चिरकुंडा नगर अध्यक्ष टोनी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के विकास और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर भविष्य में भी सकारात्मक संवाद जारी रहेगा।
















