धनबाद: चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में धनबाद के कलाकारों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नृत्य, संगीत और अभिनय से सजे इस आयोजन ने कला प्रेमियों का मन मोह लिया और पूरे परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे धनबाद के लोकप्रिय कलाकार एवं नेशनल कल्चरल परफॉर्मर गोविंदो ठाकुर, जिन्होंने अपनी दमदार और जीवंत प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य, मधुर गायन और प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत करते हुए हौसला अफजाई की।
कार्यक्रम में लोक संस्कृति और आधुनिक कला का सुंदर संगम देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की, जिसे सभी आयु वर्ग के दर्शकों ने खूब सराहा।
आयोजन को सफल बनाने में काला हीरा संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, मिताली मुखर्जी, सचिव हेमंत कुमार मंडल, कोषाध्यक्ष नरेश राय, महेंद्र गिरी, संजय भारद्वाज और संतोष रजक सहित सभी सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और समाज में कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देते हैं।
















