धनबाद : सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में धनबाद पुलिस की सख्त कार्रवाई का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश एवं ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के चलते जून माह में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जून माह में जिले में 30 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 25 लोगों की मौत हुई। वहीं मई माह में 45 सड़क हादसे हुए थे, जिनमें 39 लोगों की जान गई थी। इस प्रकार जून में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में करीब 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने इसे लगातार चलाए जा रहे सघन जांच अभियान, सख्त प्रवर्तन और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सकारात्मक परिणाम बताया।
3,361 वाहनों पर कार्रवाई, करीब 58 लाख रुपये का जुर्माना
जून माह के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,361 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50,06,200 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत 67 वाहनों को जब्त किया गया, जिन पर न्यायालय द्वारा 7.37 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसके अलावा विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर भी व्यापक कार्रवाई की गई। गलत पार्किंग, नो-एंट्री उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र के अभाव, बिना निबंधन वाहन चलाना, खतरनाक ड्राइविंग, मोबाइल फोन का उपयोग, अवैध मॉडिफिकेशन, फैंसी नंबर प्लेट, काला शीशा और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ चालान काटे गए।
विपरीत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में भी 16 वाहनों को जब्त किया गया, जिन पर न्यायालय ने 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कुल मिलाकर जून माह में यातायात नियमों के उल्लंघन पर करीब 58 लाख रुपये का राजस्व दंड के रूप में प्राप्त हुआ।
सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एसएसपी
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी धनबाद पुलिस की सतत कार्रवाई, ट्रैफिक पुलिस की मेहनत और आम नागरिकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे भी सघन जांच अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
















