धनबाद: जिले के सर्किट हाउस को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और इसकी व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार शाम उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से सर्किट हाउस का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्किट हाउस के कमरों, लॉबी और वीआईपी सुइट्स का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कमरों के इंटीरियर को आधुनिक एवं आकर्षक बनाने के साथ-साथ भवन के समुचित रखरखाव, परिसर की अंदरूनी सड़कों को बेहतर बनाने और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परिसर को अधिक सुंदर और हरित बनाने के लिए बगीचों का पुनर्विकास, नए पौधे लगाने तथा हरियाली बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा किचन और डाइनिंग एरिया सहित पूरे परिसर में उच्च स्तर की स्वच्छता और हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सर्किट हाउस जिले की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां समय-समय पर कई वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि ठहरते हैं। ऐसे में इसके सौंदर्यीकरण, सुविधाओं और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, जिला नाजिर आनंद कुमार तथा संबंधित विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे।
















