सिंदरी: सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के ढोकरा आमटाल में प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को विधायक कॉमरेड चंद्रदेव महतो ने प्रस्तावित स्टेडियम स्थल का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली।
बताया गया कि स्टेडियम निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि सिंदरी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं और अभ्यास के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है। प्रस्तावित स्टेडियम बनने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान सीओ मुरारी नायक, विधायक प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता, डीएसओ उमेश लोहरा, ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता, बिजली विभाग के सहायक अभियंता और सरकारी अमीन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेडियम निर्माण की पहल से स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















