धनबाद : पचमौली पंचायत अंतर्गत गाड़ीखाना स्थित दशकों पुराने हरि मंदिर में इन दिनों भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। 16 आना पूजा कमेटी के तत्वावधान में यहां पंचदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं हरि कीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत 108 कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। गुरुवार को मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ‘अधिवास’ पूजन संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के अनुसार आगामी 9, 10 और 11 मई को “3300 नाम हरि कीर्तन” का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। वहीं 12 मई को कुंज भंग एवं विशाल महाभंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।
धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में बच्चों के लिए खेलकूद और मेले जैसी व्यवस्था भी की गई है, जिससे लोग परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद ले रहे हैं। आसपास के गांवों के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
कीर्तन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कुंज पूजा एवं महाप्रसाद में शामिल हों और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
















