हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह हावड़ा-अमता रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र के पांचला विधानसभा अंतर्गत मल्लिकबाड़ी पुलगुस्तिया पंचायत के मयाकालहाटी इलाके में हुए इस प्रदर्शन के कारण डेढ़ घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई लाभार्थियों के अन्नपूर्णा भंडार योजना के आवेदन लंबे समय से ‘अंडर प्रोसेस’ में पड़े हुए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें अब तक योजना की आर्थिक सहायता नहीं मिल पाई है। इसी समस्या से नाराज होकर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रदर्शनकारियों के सड़क से नहीं हटने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं।
वहीं, पुलिस की ओर से यातायात सामान्य करने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, लाठीचार्ज के आरोप पर पुलिस का स्पष्ट पक्ष सामने नहीं आया है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि लंबित आवेदनों की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उन्हें योजना की बकाया आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल
बना रहा।
















