,

जामाडोबा में तड़के गोलीबारी, युवक के सीने में फंसी गोली; अवैध लोहा कटिंग विवाद में फायरिंग की आशंका

JP Bharat Shareधनबाद : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की अहले सुबह हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और…

JP Bharat Share

धनबाद : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की अहले सुबह हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग हुई। गोली लगते ही रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली अब भी उसके सीने में फंसी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। इन सामानों के आधार पर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से भी जांच कर रही है।

घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे। पति द्वारा शोर मचाने पर आरोपियों ने गोली चला दी। उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में यह फायरिंग की गई।

वहीं सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे के लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई है।

पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports