,

जीवित महिला का मतदाता सूची से नाम हटाने का आरोप, सैकड़ों लोग पहुंचे पचंबा थाना

JP Bharat Shareगिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 के भाग संख्या-4 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान एक जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 जमा किए जाने का आरोप सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को वार्ड के सैकड़ों लोग पचंबा थाना…

JP Bharat Share

गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 के भाग संख्या-4 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान एक जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 जमा किए जाने का आरोप सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को वार्ड के सैकड़ों लोग पचंबा थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन देकर जांच व कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान झामुमो गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच कराने और यदि अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

महिला ने लगाया नाम हटाने के प्रयास का आरोप

वार्ड संख्या-2 निवासी शाहिदा खातून ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह शहादत अंसारी की पत्नी हैं और भाग संख्या-4 की मतदाता हैं। उनका कहना है कि वह जीवित हैं और वर्तमान पते पर ही रह रही हैं।

आवेदन के अनुसार, इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से फॉर्म नंबर-7 जमा किए जाने का आरोप है। शाहिदा खातून ने मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

करीब 25 नामों को लेकर भी सवाल

झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-2 के करीब 25 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए कथित तौर पर फॉर्म नंबर-7 जमा किए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और यदि किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि किसी जीवित और पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटना उसके मताधिकार को प्रभावित कर सकता है।

फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच और संबंधित चुनाव अधिकारियों की प्रक्रिया के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports