रांची : झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में लोग लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और घंटों बिजली कटौती से परेशान हैं। उमस और तेज गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमराने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना अलग-अलग इलाकों में शटडाउन लिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा। कई इलाकों में दिन और रात दोनों समय लगातार बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार राज्य में खराब अर्थिंग व्यवस्था, अधूरी एबीसी केबलिंग, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और जर्जर तार बिजली संकट की बड़ी वजह बन रहे हैं। कई स्थानों पर तार टूटने और ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि राज्यभर के करीब 54 लाख उपभोक्ता इस समस्या से प्रभावित हैं। गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि व्यवस्था उस दबाव को संभालने में नाकाम साबित हो रही है।
लोगों का कहना है कि जेबीवीएनएल की ओर से लगातार बेहतर बिजली आपूर्ति के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
















