धनबाद : बैंक मोड़ स्थित उर्मिला टावर के एक्टिव जोन में शुक्रवार को एकदिवसीय “कैनवस पेंटिंग वर्कशॉप” का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में प्रसिद्ध पेंटिंग आर्टिस्ट Shiv Shankar Dhar और उनकी पत्नी Joita Dhar के सानिध्य में धनबाद जिले के सात युवा कलाकारों ने अपनी शानदार चित्रकारी प्रस्तुत की।
वर्कशॉप में कलाकार मानस राज (भगतडीह), राघव गोयल (शास्त्री नगर), पीहर अग्रवाल (झरिया), स्तुति शर्मा (झरिया), श्रद्धा सलूजा (जोड़ा फाटक), समृद्धि गुप्ता (मनईटांड) और शिवांश सिंह (कुमारधुबी) ने अपनी रचनात्मक और आकर्षक पेंटिंग्स से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की कला और कल्पनाशीलता की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर शिव शंकर धर ने कहा कि एक आदर्श चित्रकार केवल रंगों को कैनवास पर नहीं उतारता, बल्कि अपनी कला के माध्यम से लोगों के मन में भावनाएं, विचार और जीवन के गहरे अर्थ भी जागृत करता है। उन्होंने कहा कि कलाकार की संवेदनशीलता और कल्पनाशक्ति ही उसकी कला को विशेष बनाती है।
वहीं जोइता धर ने कहा कि कला एक दिन में नहीं सीखी जाती, बल्कि इसके लिए वर्षों की मेहनत, अभ्यास और धैर्य की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि कलाकारों की साधना ही उनके चित्रों में बारीकी और सटीकता के रूप में दिखाई देती है।
एक्टिव जोन की सुनीता अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की वर्कशॉप युवा कलाकारों को मंच देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
















