धनबाद/रांची: रांची के खेलगांव में शनिवार को पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर को आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्य के अलग-अलग जिलों से करीब 200 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। धनबाद के 13 खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखा रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने स्वागत भाषण में राज्य में पिकलबॉल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने कहा कि झारखंड में पिकलबॉल का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों की भागीदारी इस खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर भी दे रही है।
उन्होंने बताया कि 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप अक्टूबर में केरल में आयोजित होने वाली है। स्टेट चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में बी. सुधीर, प्रभात कुमार, ओंकार मिश्रा, संजय पांडेय, गौरव कुमार, मनोज तिवारी, मनजीत सिंह, भरत शाह, सुमित कुमार और धीरेश पारीख समेत एसोसिएशन के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
















