,

JRDA Board Meeting 2026: बेलगड़िया टाउनशिप, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई बड़े फैसले

JP Bharat Shareधनबाद, 20 मई 2026: झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की प्रबंध पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को समाहरणालय धनबाद में उपायुक्त सह उप कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में झरिया मास्टर प्लान के तहत विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, बेलगड़िया टाउनशिप में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वरोजगार,…

JP Bharat Share

धनबाद, 20 मई 2026:

झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की प्रबंध पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को समाहरणालय धनबाद में उपायुक्त सह उप कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में झरिया मास्टर प्लान के तहत विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, बेलगड़िया टाउनशिप में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वरोजगार, सड़क, बिजली, पानी और कौशल विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

तीन वर्षों के बजट को किया गया एकीकृत

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2027-28 तक के राजस्व और पूंजीगत बजट को एकीकृत करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और फंड की कमी से बचना बताया गया।

बेलगड़िया टाउनशिप में सड़क और कनेक्टिविटी होगी मजबूत

बेलगड़िया टाउनशिप की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए दो प्रमुख एप्रोच रोड के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। यह कार्य पथ निर्माण विभाग (RCD) द्वारा कराया जाएगा।

बिजली और पानी की आपूर्ति को लेकर बड़े फैसले

बैठक में 18,352 विस्थापित आवासों के लिए विद्युत सब-स्टेशन निर्माण को मंजूरी दी गई। साथ ही झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत दामोदर घाटी से बेलगड़िया तक पाइपलाइन बिछाने के लिए PHED को राशि जारी करने की भी स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फेज-1 से फेज-3 तक 500 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मंजूरी दी गई, जिनमें से 395 पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं। एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और रोजगार योजना

टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से बेलगड़िया टाउनशिप में फुटबॉल, एथलेटिक्स, करियर काउंसलिंग सेंटर और डेकोरेटिव पेंटिंग कोर्स शुरू किए गए हैं।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए टेलीकॉम सहित कई नए ट्रेड में आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने हेतु संशोधित टेंडर प्रक्रिया भी जारी है।

महिलाओं और विस्थापितों के लिए स्वरोजगार योजना

बैठक में महिलाओं और स्थानीय विस्थापितों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बटन मशरूम खेती, डेयरी फार्मिंग, पोल्ट्री फार्मिंग और सर्कुलर हैचरी जैसी योजनाओं को मंजूरी दी गई।

इसके अलावा 50 ई-रिक्शा वितरण के बाद अब 50 और नए ई-रिक्शा आवंटन के लिए BCCL को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा और जन सुविधाओं पर फोकस

करमाटांड़ कॉलोनी में 5 आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को स्वीकृति मिली। वहीं बेलगड़िया टाउनशिप में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया।

परिवारों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए BCCL द्वारा दी गई 2 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव व्यय को भी मंजूरी दी गई।

झरिया क्षेत्र में बनेगी चार लेन रिंग रोड

बैठक में झरिया कोयला क्षेत्र के चारों ओर चार लेन रिंग रोड निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए आरसीडी और NHAI को सर्वे और DPR तैयार करने का निर्देश दिया गया है। रिंग रोड को ऐसे क्षेत्रों से जोड़ने पर जोर दिया गया जहां भू-धसान और गैस रिसाव का खतरा कम हो।

रूफटॉप सोलर और नई सुविधाओं को मिली मंजूरी

बेलगड़िया कॉलोनी फेज-1 में 1.8 मेगावाट रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा टाउनशिप में फ्री वाईफाई, डीप बोरिंग, जलमीनार, एंबुलेंस, फायर स्टेशन, एटीएम, पोस्ट ऑफिस और प्रवेश द्वार निर्माण जैसे कई प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।

विस्थापित परिवारों को दो फ्लैट देने का प्रस्ताव

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बैठक में निर्देश दिया कि जिन विस्थापित परिवारों को पहले केवल एक फ्लैट आवंटित किया गया था, उन्हें संशोधित योजना के तहत दो फ्लैट देने के लिए कोयला मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल समेत JRDA और BCCL के कई अधिकारी मौजूद रहे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports