धनबाद: टुंडी प्रखंड के कमलपुर जंगल में पिछले 15 वर्षों से एकाकी और अभावग्रस्त जीवन व्यतीत कर रहे 75 वर्षीय सुरेंद्र सोरेन की स्थिति मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद धनबाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सहायता पहुंचाई।
प्रशासन की ओर से सुरेंद्र सोरेन को चावल, दाल, आटा, नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही बारिश से बचाव के लिए उनकी झोपड़ी की मरम्मत कराई गई तथा रहने योग्य सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। उन्हें कपड़े, कंबल और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान की गईं।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि परिवार के सदस्यों ने कई बार सुरेंद्र सोरेन को घर वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने हर बार जंगल में ही रहने की इच्छा जताई। हालांकि, परिजन समय-समय पर उनसे मिलने और उनका हालचाल लेने पहुंचते रहे हैं। बीडीओ विशाल पांडेय ने बताया कि जल्द ही परिवार से समन्वय स्थापित कर उन्हें पुनः घर ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरेंद्र सोरेन को सरकार की सभी पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं से शीघ्र जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में उन्हें नियमित रूप से आवश्यक सुविधाएं और सहायता मिलती रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बुनियादी सुविधाओं और सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
















