धनबाद/जमशेदपुर: टाटा स्टील के स्पोर्ट्स विभाग एवं झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में सेकंड रैकेट स्पोर्ट्स फेस्ट का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टी.वी. सुंदर रमन, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट), टाटा स्टील ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पिकलबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है, जो युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का नया मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर चीफ स्पोर्ट्स मुकुल चौधरी, स्पोर्ट्स हेड मनीष सिन्हा, मैनेजर उमेश कुमार विक्रम तथा असिस्टेंट मैनेजर अनन्या लेप्पी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना की।
झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने कहा कि टाटा स्टील के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता राज्य में पिकलबॉल खेल के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के रंजन गुप्ता, प्रमोद कुमार, अपूर्व गुप्ता, प्रभात कुमार, सुरजीत सिंह, बी. सुधीर और आकाश गुहा सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
















