कतरास (धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के निचितपुर में घर में घुसकर हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय रवि बाउरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामला 22 अक्टूबर 2026 का है। निचितपुर निवासी लोपामुद्रा बेहरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात में अज्ञात चोर उनके घर से Lenovo कंपनी का लैपटॉप, Infinix मोबाइल और अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
शिकायत के आधार पर कतरास थाना में कांड संख्या 299/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर न्यू केशलपुर, निचितपुर बस्ती निवासी रवि बाउरी से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी का Lenovo IdeaPad Flex 5 लैपटॉप और Infinix Note 40x 5G मोबाइल बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया।
















