रांची: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में नामांकन को लेकर लातेहार और गढ़वा जिले से महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। लातेहार जिला प्रशासन ने गृह रक्षक नामांकन के लिए विज्ञापन संख्या 01/2026 जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। वहीं, गढ़वा में पहले प्राप्त आवेदनों की प्रखंडवार सूची जारी कर दावा-आपत्ति मांगी गई है।
लातेहार में ग्रामीण गृह रक्षक के कुल 446 पद हैं। इनमें 225 पुरुष और 221 महिला अभ्यर्थियों के लिए पद निर्धारित हैं। इसके अलावा शहरी गृह रक्षक के 11 पद हैं, जिनमें 6 तकनीकी और 5 गैर-तकनीकी पद शामिल हैं। दोनों श्रेणियों में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। विज्ञापन के अनुसार, गृह रक्षक एक स्वैच्छिक संगठन के सदस्य होते हैं। यह नियमित वेतन वाली सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि ड्यूटी पर तैनाती के दौरान निर्धारित भत्ता दिया जाता है।
वहीं, गढ़वा में जारी आवेदन सूची पर अभ्यर्थी 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक संबंधित प्रखंड की निर्धारित ई-मेल आईडी के माध्यम से साक्ष्य सहित दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।
गढ़वा जिला प्रशासन के अनुसार, योग्य अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच, लिखित, तकनीकी और दक्षता परीक्षा दिसंबर 2026 के प्रथम सप्ताह में संभावित है।
















