झरिया: एनएस लोदना स्थित श्रीश्री मां रक्षा काली धाम में मंगलवार को 101वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बना रहा। 1925 से यहां मां रक्षा काली की पूजा की परंपरा चली आ रही है।
पूजा-अर्चना मुख्य पुरोहित पंडित अचिंतो गोस्वामी, काजल भट्टाचार्य और नेपाल भट्टाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराई। बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी अर्चना अग्रवाल समेत कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मां के दरबार में पहुंचकर पूजा की। धनबाद के महापौर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, कोयलांचल की सुरक्षा और लोगों की समृद्धि की कामना की। वहीं, बीसीसीएल अधिकारियों की मौजूदगी में विस्थापन और प्रभावित लोगों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
पूजा से पहले मंदिर परिसर में कलश स्थापना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शाम के बाद विधि-विधान से मां रक्षा काली की पूजा शुरू हुई और रातभर धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में मेले का भी आयोजन किया गया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन के साथ मेले का आनंद लिया। भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालने में भूमिका निभाई।
एनएस लोदना के अलावा सुराटांड़ स्थित प्राचीन काली मंदिर में भी मां रक्षा काली की पूजा विधि-विधान से संपन्न हुई। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
















