धनबाद: बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से पिछले दो दिनों से हुई भारी बारिश के कारण मैथन और पंचेत डैम के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। बारिश की तीव्रता कम होने के बाद डैम प्रबंधन ने जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए नियंत्रित जल निकासी शुरू कर दी है।
डैम प्रशासन के अनुसार, मैथन डैम का जलस्तर 477.69 फीट तक पहुंच गया है। जलस्तर को सुरक्षित सीमा में बनाए रखने के लिए एक मुख्य गेट और दो गैलरी खोली गई हैं। इसके साथ ही हाइडल पावर प्लांट को भी पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है। फिलहाल मैथन से करीब 43,057 एकड़-फीट पानी छोड़ा जा रहा है।
वहीं, पंचेत डैम का जलस्तर 406.59 फीट दर्ज किया गया है। यहां भी जल निकासी बढ़ाई गई है और वर्तमान में करीब 48,918 एकड़-फीट पानी छोड़ा जा रहा है।
डैम से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है। केंद्रीय जल आयोग के राष्ट्रीय जल सूचना तंत्र पर झारखंड के जलस्तर और डिस्चार्ज से संबंधित आंकड़े भी अपडेट किए जा रहे हैं।
















