लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक व्यावसायिक भवन में लगी आग में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में अधिकांश युवा छात्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत के निचले हिस्से में पेट शॉप एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित थे, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग एवं प्रशिक्षण गतिविधियां चल रही थीं। आग लगते ही पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। धुएं और लपटों से बचने के लिए कई लोगों ने ऊपरी मंजिलों और खिड़कियों से छलांग लगा दी।
दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मृतकों की संख्या 15 होने की पुष्टि करते हुए घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जांच एजेंसियां भवन की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन मानकों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।
















