धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगीतोपा में तेज रफ्तार और अवैध बालू ढुलाई ने एक बार फिर गंभीर हादसे को जन्म दिया। बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की गति काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध बालू परिवहन लगातार बढ़ रहा है और चालक अधिक फेरे लगाने के चक्कर में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन 200 से अधिक बालू लदे ट्रैक्टर और करीब 50 हाईवा गुजरते हैं। इसके कारण सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावक भी हमेशा भय में रहते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि धूल, शोर और तेज रफ्तार वाहनों ने गांव का माहौल खराब कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन और सड़क जाम किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से इस मार्ग पर चेक पोस्ट स्थापित करने, वाहनों की गति सीमा तय करने और अवैध बालू ढुलाई पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।














