निरसा : देवियाना से गोपीनाथपुर के बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड पर बीती रात कोयला लदा एक हाइवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि वाहन धनबाद से एमपीएल की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहनों की आवाजाही के बीच चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और हाइवा सड़क की साइड बैरिकेडिंग तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया।
हादसे में हाइवा को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य लंबे समय से बंद है। उनका दावा है कि निर्माण कार्य ठप रहने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माणाधीन हिस्से में पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जल्द पूरा होने से आवागमन सुगम होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी कम किया जा सकेगा।
















