,

धनबाद में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

JP Bharat Shareधनबाद | धनबाद जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की कोई…

JP Bharat Share

धनबाद |

धनबाद जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

बुधवार देर शाम सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के जरिए पेट्रोल-डीजल की कमी और कीमत बढ़ने की अफवाह तेजी से फैल गई। इसके बाद शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोग अतिरिक्त ईंधन भरवाने पहुंचे, जिससे कई जगहों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर तैनात किया गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अनावश्यक भंडारण से आम लोगों को परेशानी हो सकती है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गुरुवार को समाहरणालय में सभी तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है।

 

जिला प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports