पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के नितुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पारबेलिया बाजार में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक होटल कारोबारी के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सूरज फैमिली रेस्टोरेंट और सूरज होटल के संचालक सूरोज विश्वकर्मा के घर पर की गई, जो खबर लिखे जाने तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे ईडी के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई और आवास के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया गया। छापेमारी की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीम घर के भीतर मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। हालांकि, ईडी ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कार्रवाई किस मामले या जांच के सिलसिले में की जा रही है।
फिलहाल छापेमारी और जांच की प्रक्रिया जारी है। मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
















